दुष्कर्म के आरोप में आईएएस गिरफ्तार

पुणे, 20 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में एक आईएएस अधिकारी को चार नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी अधिकारी को यहां पर शुक्रवार को दंडाधिकारी ने 30 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

राज्य के कृषि मंत्री एकनाथ खडसे ने शुक्रवार की शाम को मुंबई में कहा कि मामले पर अलग से कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र सरकार ने आईएएस मारुति एच. सावंत को बर्खास्त कर दिया है। सावंत महाराष्ट्र कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान परिषद (एमसीएईआर) के महानिदेशक थे।

पुलिस के मुताबिक सावंत को उनके घर से हिरासत में लिया गया था और गुरुवार देर रात उन पर आठ से 10 साल की चार नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनों के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

शुरुआती जांच में पता चला है कि पीड़ित नाबालिगों में दो लड़कियां दूसरी कक्षा की छात्रा हैं, जबकि एक छात्रा तीसरी कक्षा में पढ़ती और एक कक्षा सात में अध्ययनरत है। पिछले कई महीनों से सावंत उन्हें चॉकलेट, मिठाई और 15 रुपये देने का लालच देते थे।

पुलिस उपायुक्त सुधाकर पठारे ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस हर एक पीड़िता का बयान दर्ज कर रही है, जिन्हें सावंत खाने का लालच देते थे और उन्हें अपने घर के तलघर में ले जाकर उनके साथ यौन दुर्वव्यवहार करते थे।

सावंत से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके इस कृत्य की शिकार कोई और लड़की तो नहीं बनी है।

मामला हाल ही में प्रकाश में आया जब लड़कियों ने अपने स्कूल के काउंसलर को इसके बारे में बताया। काउंसलर ने इस बारे में स्कूल के प्रधानाचार्य को सूचना दी।

स्कूल के प्रधानाचार्य ने इस मामले के बारे में स्थानीय नगर निगम पार्षद श्रीकांत जगताप (सिंहगढ़ क्षेत्र) को सूचित किया, जिन्होंने गुरुवार को पुलिस को मामले की जानकारी दी।

पठारे ने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धाराओं के अलावा सावंत को बच्चों के खिलाफ यौन अपराध अधिनियम (पास्को) के तहत आरोपी बनाया गया है।

58 वर्षीय सावंत कुछ ही महीनों में सेवानिवृत्त होने वाले थे जिसके चलते उन्हें हाल ही में पदोन्नत किया गया था। वह पूर्व में समाज कल्याण, कृषि और खेल विभाग में वरिष्ठ पदों पर सेवारत रह चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493