दुष्कर्म मामले में दोषी डेरा प्रमुख हिरासत में लिए गए (लीड-2)

पंचकुला, 25 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने शुक्रवार को विवादास्पद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को अपनी दो महिला शिष्यों के यौन उत्पीड़न व दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराया।

सीबीआई अदालत के न्यायाधीश जगदीप सिंह द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद डेरा प्रमुख को हिरासत में लिया गया। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवान तुरंत अदालत पहुंचे और परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया।

अदालत ने अभूतपूर्व सुरक्षा के बीच फैसला सुनाया। अदालत 28 अगस्त, सोमवार को सजा सुनाएगी।

चंडीगढ़ से लगे हरियाणा के पंचकुला शहर में अदालत द्वारा फैसला सुनाए जाने के समय डेरा प्रमुख मौजूद थे।

अदालत के सूत्रों ने कहा कि डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम अदालत में न्यायाधीश के फैसला सुनाए जाने के दौरान अपने हाथ प्रार्थना की मुद्रा में जोड़े हुए थे और अपनी आंखें बंद की हुई थीं।

इस दौरान शहर में हजारों की संख्या में बाबा समर्थकों व हजारों सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी रही।

अदालत द्वारा फैसला दिए जाने के बाद राम रहीम सिंह की चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच की। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें पंचकुला के चंडी मंदिर के सैन्य परिसर ले जाया जाएगा।

सभी तरह की धमकियों व दबाव के बावजूद दुष्कर्म की पीड़िताएं करीब 15 साल तक अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान अपने दुष्कर्म व यौन शोषण के आरोपों पर अडिग रहीं।

अदालत के फैसले से राम रहीम के हजारों अनुयायियों को निराशा हुई है। फैसले के चंद मिनटों बाद से कुछ अनुयायियों ने हिंसा शुरू कर दी और मीडिया कर्मियों पर हमला करना शुरू कर दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493