नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। दूर्शन ने बुधवार को अपना पेमेंट गेटवे शुरू किया। यह जानकारी यहां एक बयान में दी गई।
पेमेंट गेटवे को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के सहयोग से क्रियान्वित किया जा रहा है।
प्रसार भारती के सदस्य (वित्त) राजीव सिंह ने सुबह 10.00 बजे दूरदर्शन भवन के समिति कक्ष में पेमेन्ट गेटवे का उद्घाटन किया। मौके पर दूरदर्शन महानिदेशक ललरोसांगाए, वाणिज्य और बिक्री अपर महानिदेशक इन्दरजीत कौर, कार्यक्रम अपर महानिदेशक दीपा चन्द्रा, प्रशासन अपर महानिदेशक पीए नायडू और वाणिज्य उप महानिदेशक सीके जैन भी उपस्थित थे।
मौके पर एसबीआई के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
बयान के मुताबिक, जनवरी 2015 में दूरदर्शन ने पहले चरण में डीडी नेशनल चैनल के लिए अपने वाणिज्यिक कार्यो का ऑटोमेशन किया था। इसके बाद अन्य चैनलों के लिए भी ऑटोमेशन किया जाना है, जो कार्यान्वित किया जा रहा है। इससे विज्ञापनों की बुकिंग से लेकर बिलिंग तक में शामिल विभिन्न कार्यो को एकीकृत करने में सहायता मिली है। भुगतान प्राप्ति का अंतिम कार्य अब भी मैनुअल तौर पर किया जा रहा है।
प्रणाली में और अधिक कुशलता और पारदर्शिता लाने के प्रयास में दूरदर्शन ने पेमेंट गेटवे लागू करके इस दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाया है। उसने पेमेंट गेटवे को अपने व्यवसाय और बिलिंग प्रणाली के साथ जोड़ा है, जिससे सभी ग्राहकों और एजेंसियों को सुविधा होगी तथा वे अपने सुविधाजनक स्थान से दिन में किसी भी समय सीधे दूरदर्शन के पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे।
dharmpath.com dharmpath