देवास में 2 गुटों में हिंसा के बाद कर्फ्यू

देवास, 17 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में शनिवार को दो गुटों के बीच भड़की हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद शहरी इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया। कर्फ्यू रविवार को भी जारी है और हिंसा भड़काने के आरोप में अब तक 50 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात को पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवारिया हाट में नरेंद्र राजौरिया नामक व्यक्ति पर तीन-चार लोगों ने मिलकर तलवार से हमला कर दिया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद इस घटना ने हिंसा का रूप ले लिया।

इस दौरान, मालीपुरा और खारीबावड़ी में जमकर पथराव हुआ था और कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई, जिसके कारण पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने तलाशी अभियान में कई स्थानों से पेट्रोल बम और हथियार भी बरामद किए।

पुलिस के मुताबिक, घायल नरेंद्र की शनिवार सुबह अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद बढ़ते तनाव को देखते हुए खारीबावड़ी और मालीपुरा में कर्फ्यू लगा दिया गया।

पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला ने रविवार को आईएएनएस को बताया, “दो क्षेत्रों में रविवार को भी कर्फ्यू जारी है, वहीं हिंसा भड़काने के आरोप में 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है। अभी स्थिति नियंत्रण में है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493