देश की राजनीति के शब्दकोष से ‘भ्रष्टाचार’ शब्द गायब : जेटली

भोपाल, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार के बनने के बाद भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का दावा करते हुए कहा कि देश की राजनीति के शब्दकोष से भ्रष्टाचार शब्द ही गायब हो गया है।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा की प्रदेश इकाई की कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार के काल में संस्थागत भ्रष्टाचार बढ़ गया था, मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने सबसे पहले इस पर अंकुश लगाया। अब स्पेक्ट्रम, कोयला खदान नीलामी के जरिए दी जा रही है, पहले कुछ लोग आवंटित करने का काम करते थे।

उन्होंने अभी हाल में हुई स्पेक्ट्रम और कोयला खदानों की नीलामी का हवाला देते हुए कहा कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) ने संप्रग काल में हुए घोटाले का जो आंकड़ा दिया था, उससे भी कहीं ज्यादा का है, यह बात नीलामी से साबित हो गई है।

देश के आम चुनाव का जिक्र करते हुए जेटली ने कहा कि भाजपा के यह चुनाव जीतने की कई वजह रही है। दूसरे दल के पास नेतृत्व का अभाव था, आमजन का संप्रग से मोहभंग हो चला था और भ्रष्टाचार चरम पर था। वहीं दूसरी ओर भाजपा के पास एक नेतृत्व था।

जेटली ने बीते 10 माह के शासन काल की उपलब्धियां गिनाई और कहा कि अब स्थितियां सुधर रही है, निवेश बढ़ रहा है। देश की दुनिया में भी साख सुधर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493