देश को सबसे बड़ा खतरा मोदी-शाह से : बावरिया (फोटो सहित)

भोपाल ,19 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और मध्य प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने यहां शुक्रवार को कहा कि देश को इस समय सबसे बड़ा खतरा नरेंद्र मोदी व अमित शाह से है। ये देश का विकास करने नहीं, बल्कि भारतीय संविधान को बदलने के लिए सत्ता में आए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा को राम मंदिर, गंगा और गौरक्षा की याद सिर्फ चुनाव के वक्त आती है और अब तो ये ईवीएम से भी खेलने लगी है।

राज्य के दो दिनी दौरे पर पहुंचे बावरिया की मौजूदगी में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पदाधिकारियों व निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें एक प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में कहा गया है कि भाजपा राज में व्यापक पैमाने पर व्याप्त अराजकता, भाजपा सरकार की जनविरोधी-किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता के बीच जाकर उन्हें उजागर कर उनसे निपटा जाएगा। प्रस्ताव का समर्थन सभी कांग्रेस नेताओं ने किया।

बावरिया ने कहा, “भाजपा जनता को भ्रमित करने के लिए चुनाव के समय ही गौरक्षा, गंगा की सफाई और राम मंदिर जैसे मुद्दे लेकर आती है, चुनाव के समय ईवीएम मशीन का खेल खेलती है, हमारी कमियों का वह पूरा फायदा उठाती है।”

उन्होंने कहा कि देश को दो व्यक्ति- नरेंद्र मोदी और अमित शाह से खतरा है। ये देश का विकास नहीं चाहते, वे तो भारतीय संविधान को ही बदलना चाहते हैं।

बावरिया ने बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों के समक्ष पार्टी संगठन के ढांचे को मजबूत करने के लिए ‘नवसृजन मप्र’ के माध्यम से पार्टी की संगठनात्मक संरचना, उद्देश्यों, लक्ष्यों, निर्णयों और उन पर सक्रियता से कार्य करने की योजनाएं बताते हुए फीडबैक लिया।

बैठक में किसानों, महिलाओं, युवाओं, अजा, अजजा, पिछड़े वर्ग, दलितों के साथ हो रहे अत्याचार को लेकर पार्टी द्वारा विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए, जिसमें वर्तमान भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों और योजनाओं को जनता के बीच उजागर कर उनसे निपटने एवं सर्वहारा वर्ग की समस्याओं को सुलझाने के प्रस्ताव पर पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों पर मजबूती से कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “अभा कांग्रेस कमेटी की सहमति से प्रदेश में संगठनात्मक स्तर पर नए ब्लॉकों, सेक्टर कमेटियों, नए मंडलम और नई बूथ कमेटियों का गठन किया गया है, जिसमें हम सभी को मिलकर सक्रियता से कार्य करने की आवश्यकता है। अधिक से अधिक सक्रिय लोगों को पार्टी में जोड़ा जा सके, इसके लिए हमें पूरी तत्परता के साथ कार्य करना होगा, सभी को नेटवर्क से जोड़ने के लिए पार्टी कार्य कर रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493