भोपाल, 24 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय जल सम्मेलन में पहुंचे लोगों ने देश में गहराते जल संकट, घटते वर्षा के औसत पर चिंता जताई है। साथ ही इससे निपटने के लिए कारगर योजना बनाने पर जोर दिया गया।
जल-जन जोड़ो अभियान के तहत आयोजित इस जल सम्मेलन में मध्य प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सचिन यादव, पशुपालन मंत्री लाखन सिंह यादव और ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में जल साक्षरता के लिए उचित प्रयास किए जाएंगे।
सभी ने माना कि जल समस्या के निदान के लिए जरूरी है कि वृक्षारोपण किया जाए, बारिश के पानी को रोकने की पहल हो, साथ ही तालाबों का गहरी करण किया जाए।
जलपुरुष राजेंद्र िंसह ने देश में गहराते जल संकट और बाढ़-सुखाड़ की स्थितियों के लिए सार्थक प्रयास न किए जाने की बात पर जोर दिया। मध्य प्रदेश सरकार से उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में राज्य सरकार पहल करेगी।
राष्ट्रीय संयोजक डा. संजय सिंह व सम्मेलन के समन्वयक मनीष राजपूत ने राज्य की विषम स्थिति में सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई। इस सम्मेलन में विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञों ने भी अपनी राय रखी।
dharmpath.com dharmpath