देश में दोबारा आपातकाल नहीं लगाया जा सकता : रविशंकर

नई दिल्ली, 1 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार को कहा कि देश में अब कभी आपातकाल नहीं लगाया जा सकता और देश लोकतांत्रिक रूप से चलेगा।

बी.आर.अंबेडकर की 125वीं जयंती के तहत ‘भारत के संविधान के प्रति बचनबद्धता’ चर्चा में हिस्सा लेते हुए मंत्री ने यह बात कही।

केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने कहा, “यह देश लोकतांत्रिक रूप से चलेगा। न तो सैन्य तख्तापलट होगा और न ही दोबारा आपातकाल लागू हो सकता है।”

उन्होंने कहा कि असहिष्णुता पर हो रही पूरी चर्चा ‘मिथ्या’ है।

मंत्री ने कहा, “धर्म निरपेक्षता का मतलब सभी की भावनाओं का आदर करना है। इस देश में धर्मनिरपेक्षता को लेकर हो रही तमाम बहस एक भ्रम में फंस गई है।”

बाद में, कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने आपातकाल की ओर इशारा करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी के सदस्य इतिहास की कुछ चुनिंदा घटनाओं की ही चर्चा कर रहे हैं।

शर्मा ने कहा, “इंदिरा गांधी की सरकार निर्वाचित सरकार थी। सेना को एक निर्वाचित सरकार के खिलाफ विद्रोह करने के लिए कहा गया था।”

शर्मा को टोकते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की नेता मायावती ने कहा कि अंबेडकर व संविधान पर हो रही चर्चा किसी और दिशा में नहीं भटकनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “हम संविधान व अंबेडकर की जयंती पर चर्चा कर रहे हैं। हमें इस मुद्दे पर केंद्रित होना चाहिए।”

शर्मा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह मुद्दा इसलिए उठाया था, क्योंकि इसे पहले सत्तारूढ़ पार्टी के सदस्यों ने उठाया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493