रायपुर, 26 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का पहला साल पूरा होने पर उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में विकास और विश्वास का एक नया और उत्साहजनक वातावरण बना है।
बधाई संदेश में उन्होंने कहा कि मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ‘सबके साथ सबका विकास’ के ध्येय वाक्य को अमलीजामा पहनाते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। समाज के सभी वर्गों की बेहतरी के लिए देश में विकास और विश्वास का एक नया और उत्साहजनक वातावरण निर्मित हुआ है। इससे देश की विकास की उज्जवल और प्रबल संभावनाओं को बल मिला है।
सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना श्रमेव जयते और अटल पेंशन योजना जैसी जन-कल्याणकारी योजनाएं इस दौरान शुरू की गई हैं। स्वच्छ भारत मिशन की शुरूआत करके प्रधानमंत्री ने देशवासियों को अपने देश के संपूर्ण परिवेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने की प्रेरणा दी है।
उन्होंने कहा कि विदेशों में हमारे देश का सम्मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री के ‘मेक इन इंडिया’ नारे से स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और भारत दुनिया की एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में पहचाना जाएगा।
dharmpath.com dharmpath