देश में भ्रष्टाचार मुक्त पारदर्शी सरकार : रविशंकर प्रसाद

छिंदवाड़ा, 10 जून (आईएएनएस)। केन्द्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को भ्रष्टाचार मुक्त पारदर्शी सरकार करार दिया है।

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए शुक्रवार को रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में नवाचार आरंभ किया गया है। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, स्टैंडप इंडिया जैसे इनिशियेटिव और मिशन आरंभ किए गए हैं, जिससे आम आदमी से लेकर किसानों और मजदूरों को लाभ पहुंचेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को विकास की सोच को आगे रखकर काम करने वाली और भ्रष्टाचार मुक्त पारदर्शी सरकार दी है। देश से भ्रष्टाचार को समूल नष्ट करने का प्रयास किया है। पिछले दो सालों में केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है, यहां तक कि विपक्ष भी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सका है। इस अवसर पर केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री सुदर्शन भगत ने भी पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इन दो वर्षो में केंद्र सरकार ने देश की दशा और दिशा बदलने का प्रयास किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आर्थिक विकास को लोक कल्याण से जोड़ा है और समाज के सभी वर्गो के सर्वागीण विकास को सफल बनाने का प्रयास किया है।

रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का चेहरा देश की जनता के सामने पूरी तरह से बेनकाब हो चुका है। कांग्रेस बौखलाहट में देश के विकास के लिए दिन रात काम करने वाली केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ झूठा दुष्प्रचार कर रही है लेकिन हमारा विश्वास देश के लोकतंत्र एवं देश की जनता में है और कांग्रेस के इस झूठे दुष्प्रचार को देश की जनता ही खारिज करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493