दोस्तों की नजर में जिंदादिल, खुशमिजाज थे संजीत

नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। चर्चित धारावाहिक ‘संजीवनी’ में डॉक्टर ओमी का किरदार निभा मशहूर हुए अभिनेता संजीत बेदी के निधन की खबर से उनके अभिनेता दोस्त करणवीर बोहरा और अभिनेत्री गुरदीप कोहली सकते में हैं। उन्होंने उन्हें उनके जोश एवं जिंदादिली के लिए याद किया।

डॉक्टर ओमी की भूमिका से दर्शकों के दिलों में अपने लिए स्थायी जगह बना चुके संजीत का बुधवार सुबह दिमाग संबंधी गंभीर बीमारी से निधन हो गया। वह काफी समय से अस्पताल में भर्ती थे।

अभिनेता करणवीर बोहरा ने संजीत के साथ ‘कसौटी जिंदगी की’ में काम किया। उन्होंने उन्हें ‘जिंदादिल’ और ‘खुशमिजाज’ बताया।

करणवीर ने आईएएनएस को बताया, “वह जिंदादिल और ऊर्जावान शख्स थे। उनकी संगत में आकर बंदा अपनी परेशानी भूल जाया करता था।”

‘संजीवनी’ में मुख्य भूमिका निभाने वाली गुरदीप कोहली उनके निधन की खबर सुनकर दुखी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जिंदगी भर संजीत से आखिरी बार न मिलने का मलाल रहेगा।

गुरदीप ने आईएएनएस को बताया, “यह चौंकाने वाली खबर है। मुझे एक महीने पहले उनकी बीमारी के बारे में पता चला, लेकिन मैं गर्भावस्था का अंतिम चरण होने की वजह से उनसे मिलने नहीं जा सकी। वह सेट पर मौजूद लोगों में सबसे ज्यादा जिंदादिल थे। वह एक अच्छे इंसान और अच्छे अभिनेता थे।”

वहीं, फिल्मकार अशोक पंडित ने संजीत को उनके अभिनय कौशल के लिए याद किया।

उन्होंने कहा, “बेहतरीन अभिनेता संजीत बेदी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। मैं दुख की इस घड़ी में उनके सगे-संबंधियों के साथ हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493