नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय सेना 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की याद में और पाकिस्तानी सैनिकों पर जीत के उपलक्ष्य में श्रंखलाबद्ध कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। मंगलवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी गई।
बयान के मुताबिक, औपचारिक पुष्पांजलि समारोह का आयोजन 26 जुलाई को जम्मू एवं कश्मीर स्थित कारगिल युद्ध स्मारक पर होगा।
पाकिस्तानी सैनिकों से हुए युद्ध की 16वीं वर्षगांठ पर मुख्य समारोह को यादगार बनाने के लिए स्थानीय लोगों के लिए कई प्रतियोगिताएं और कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। इस दौरान मंगलवार से लेकर गुरुवार तक मैराथन, चित्रकला, तीरंदाजी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
वहीं शुक्रवार को टैटू शो और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
जम्मू एवं कश्मीर के कारगिल जिला स्थित द्रास में 25 जुलाई को औपचारिक स्मृति सभा के बाद कारगिल युद्ध स्मारक पर सेना का बैंड प्रस्तुति देगा।
26 जुलाई को सेना के वरिष्ठ अधिकारी, युद्ध के नायक, शहीदों के परिजन, राजनीतिक गणमान्य और नागरिक अधिकारी औपचारिक पुष्पांजलि समारोह में भाग लेंगे। इस समारोह का आयोजन टोलोलिंग पहाड़ी के नीचे स्थित कारगिल युद्ध स्मारक पर किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath