द. अफ्रीकी बल्लेबाजों ने कायम किए कई रिकार्ड (लीड-1)

कैनबरा, 3 मार्च (आईएएनएस)। आयरलैंड के साथ मानुका ओवल मैदान पर मंगलवार को हुए आईसीसी विश्व कप-2015 के पूल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने कई रिकार्ड कायम किए।

सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला ने 159 रनों की शानदार पारी खेली। यह उनके करियर का 20वां शतक है। अमला ने सबसे कम मैचों में 20वां शतक लगाने के भारत के विराट कोहली के रिकार्ड को ध्वस्त किया।

अमला ने करियर के 111वें मैच की 108वीं पारी में 20वां शतक पूरा किया। कोहली ने अपने करियर के 141वें मैच की 133वीं पारी में यह मुकाम हासिल किया था। इस तरह अमला ने 25 पारियों के अंतर से कोहली का रिकार्ड ध्वस्त किया।

अमला एकदिवसीय मैचों में 20 या उससे अधिक शतक लगाने वाले विश्व के 12वें बल्लेबाज बन गए। हर्शेल गिब्स के बाद अमला दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे अधिक शतक लगाने वाले मौजूदा कप्तान अब्राहम डिविलियर्स के साथ संयुक्त रूप से दूसरे खिलाड़ी हैं। अमला और डिविलियर्स अब गिब्स से मात्र एक शतक पीछे रह गए हैं।

एकदिवसीय मैचों में सर्वाधिक शतक का रिकार्ड भारत के सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने 49 शतक लगाए हैं।

अमला और फाफ दू प्लेसिस (109) आयरलैंड के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 247 रनों की रिकार्ड साझेदारी निभाई। यह विश्व कप इतिहास में दक्षिण अफ्रीका के लिए किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।

अमला और इस विश्व कप में अपना पहला शतक लगाने वाले प्लेसिस ने 2007 विश्व कप में अब्राहम डिविलियर्स और जैक्स कैलिस द्वारा इस विकेट के लिए बनाए गए 170 रनों के रिकार्ड को पीछे छोड़ा।

इस विकेट के लिए दक्षिण अफ्रीका की ओर से तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी अमला और प्लेसिस के ही नाम है। इन दोनों ने 27 फरवरी, 2015 को वेस्टइंडीज के खिलाफ 127 रन जोड़े थे।

साथ ही यह विश्व कप इतिहास की अब तक की पांचवीं सबसे बड़ी साझेदारी है। सबसे बड़ी साझेदारी वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और मार्लन सैमुएल्स के नाम है, जिन्होंने 24 फरवरी 2015 को कैनबरा में ही जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 372 रन जोड़े थे।

द. अफ्रीका ने इस मैच में चार विकेट पर 411 रन बनाए। यह विश्व कप इतिहास का दूसरा सर्वोच्च योग है। यह पहला मौका है जब किसी टीम ने विश्व कप के एक ही संस्करण में दो बार 400 या उससे अधिक का स्कोर हासिल किया है।

द. अफ्रीका ने इससे पहले 27 फरवरी, 2015 को सिडनी में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच विकेट पर 408 रन बनाए थे। साथ ही द. अफ्रीका ने सबसे अधिक बार 400 या उससे अधिक का स्कोर बनाने के मामले में भारत की बराबरी कर ली है। भारत और द. अफ्रीका ने अब तक पांच-पांच मौकों पर 400 या उससे अधिक का स्कोर खड़ा किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493