धनतेरस पर ‘सस्ते’ सोने की जमकर खरीदारी (राउंडअप)

नई दिल्ली/बंगलुरु/चेन्नई/कोलकाता/मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। सोने की कम कीमत के कारण धनतेरस पर यानी सोमवार को जौहरियों को अच्छे कारोबार की सौगात मिली। लोगों ने सोने की जमकर खरीदारी की। हाल ही में जारी हुए ‘मेड इन इंडिया’ सोने के सिक्के भी कुछ जगहों पर खूब बिके।

पीसी ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक बलराम गर्ग ने आईएएनएएस से कहा, ” इस वर्ष काफी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। पहली बार धनतेरस के मौके पर सोने की कीमत कम है। लोग आभूषण खरीद रहे हैं।”

गर्ग के मुताबिक, “मुझे उम्मीद है कि इस वर्ष बिक्री 40-50 प्रतिशत बढ़ेगी। विवाह का सीजन भी है। इसलिए लोग विवाह के लिए भी आभूषण खरीद रहे हैं।”

धनतेरस के अवसर पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। यह हिंदू महीने कार्तिक की 13वीं तिथि को पड़ता है।

बीते हफ्ते सरकार द्वारा जारी किए गए सोने के सिक्के भी खूब बिके हैं। खनिज एवं धातु व्यापार निगम लिमिटेड (एमएमटीसी) के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया, “हमें उम्मीद है कि शाम 4 बजे तक एमएमटीसी के 18 केंद्रों पर 5000 सिक्के बिक चुके थे।”

इस वर्ष धनतेरस पर 10 ग्राम सोने की कीमत 25,000 रुपये के आसपास है, जबकि पिछले वर्ष धनतेरस के मौके पर सोने की कीमत लगभग 27,600 प्रति 10 ग्राम थी।

विश्व स्वर्ण परिषद की भारत शाखा के प्रबंध निदेशक सोमसुंदरम पी.आर. ने आईएएनएस से कहा, “आज (सोमवार को) उपभोक्ता के स्तर पर सोने की सामान्य मांग भी अच्छी रही। कीमत बहुत आकर्षक है। इसलिए लोग सोने की तरफ खिंचे चले आ रहे हैं।”

दिल्ली की तरह ही चेन्नई में भी सोने की अच्छी खरीदारी हुई।

मद्रास ज्वेलर्स एंड डायमंड मर्चेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जयन्तीलाल चालानी ने आईएएनएस को बताया, “सोने की कम कीमत के कारण हमें इस वर्ष अच्छे व्यापार की उम्मीद है। पिछले 10 दिनों में बिक्री अच्छी रही। आज (सोमवार को) सोने के सिक्कों की अच्छी बिक्री होगी।”

लेकिन, चेन्नई में ही एनएसी ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक एन. अनंत पद्मनाभन ने आईएएनएस से कहा कि बारिश की वजह से कारोबार पर विपरीत असर पड़ा।

बेंगलुरु में श्रीकृष्ण डायमंड्स के किशन सुराना ने आईएएनएस से कहा, “बेहद चमकदार। पहले प्रतीकात्मक खरीदारी होती थी। लेकिन अब वे (लोग) आभूषण खरीदकर त्योहार मना रहे हैं। आभूषणों का अब अधिक इस्तेमाल हो रहा है। हीरे की खरीदारी भी बढ़ रही है।”

कोलकाता में भी सोने की रिकार्ड बिक्री हुई।

कोलकाता में सेंको गोल्ड के मुख्य विपणन अधिकारी प्रेमजीत सेनगुप्ता ने आईएएनएस से कहा, “आज (सोमवार को) हमारी दुकान रात 11 बजे तक खुली रहेगी। बहुत बड़ी संख्या में ग्राहक आ रहे हैं। बीते साल के मुकाबले 20 से 25 फीसदी ज्यादा कारोबार हो रहा है।”

देश की वित्तीय राजधानी मुंबई का भी यही हाल दिखा। मुंबई ज्वेलर्स फेडरेशन के अध्यक्ष राकेश शेट्टी ने कहा, “बीते छह महीने की महंगाई के बावजूद बिक्री हमारी आशाओं से कहीं अधिक है। ग्राहकों के झुंड आ रहे हैं, सोना खरीदने के लिए।”

शेट्टी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कुल मिलाकर 2014 के मुकाबले इस साल दोगुना कारोबार होगा। उन्होंने इसे “बिहार चुनाव का सकारात्मक असर” करार दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493