धार-मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। वहां मजदूरों से भरी पिकअप वाहन स्कॉर्पियो से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में अब तक दो सबच्चे समेत 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि, 13 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर चिकलिया फाटा स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास रात करीब साढ़े 8 बजे हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 35 मजदूर सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि वाहन कई बार पलटता हुआ सड़क के दूसरी ओर जा पहुंचा और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप का टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। जिसके चलते यह हादसा हुआ।
धार जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि घायलों में से 10 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
dharmpath.com dharmpath