छतरपुर-मध्य प्रदेश के छतरपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम पर किसान को गोली मारने के आरोप लगे हैं। पीड़ित किसान का दावा है कि बागेश्वर महाराज के छोटे भाई गरीबों की जमीनें छीन रहें है जिसको लेकर मारपीट और गोली मारी गई है।
मामला छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कोड़ा का है। मंगलवार को यहां गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग ने उन्हें गोली मारी। घटना के बाद घायल किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा का आरोप है कि क्षेत्र के किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि जो किसान अपनी जमीन बेचने से इनकार करते हैं, उनके साथ मारपीट और धमकी दी जाती है। किसान के मुताबिक, इसी विवाद के दौरान उन पर गोली चलाई गई, जिससे वे घायल हो गए।
dharmpath.com dharmpath