नई दिल्ली, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने बुधवार को व्यापारी गगन धवन की न्यायिक हिरासत 20 दिसम्बर तक के लिए बढ़ा दी। धवन को 5,000 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले से जुड़े होने के लिए गिरफ्तार किया गया था।
अदालत ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए पेश हुए धवन की न्यायिक हिरासत को बढ़ा दिया।
धवन को दक्षिण दिल्ली के उनके आवास से संदेसरा ग्रुप के 5,000 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में शामिल होने को लेकर धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था।
ईडी अधिकारियों के अनुसार, धवन ने वडोदरा की स्टर्लिग बॉयोटेक कंपनी से जुड़े कर्ज में धोखाधड़ी करने में मदद की।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा स्टर्लिग बॉयोटेक, इसके निदेशकों चेतन जयंतीलाल संदेसरा, दीप्ती चेतन संदेसरा, राजभूषण ओमप्रकाश दीक्षित, नितिन जयंतीलाल संदेसरा व विलास जोशी व कई अन्य पर बैंक धोखाधड़ी मामले में एक मामला दर्ज किए जाने के बाद ईडी ने इन पर धनशोधन का मामला दर्ज किया था।
dharmpath.com dharmpath