‘नंदघर’ परियोजना का पीलीभीत में शुभारंभ

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी ने पीलीभीत के रूपपुर कमालू, रामनगर जगतपुर और जोगीठेर गांव में आयोजित समारोहों में नई पीढ़ी के आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्र ‘नंदघर’ का उद्घाटन किया। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के साथ मिल कर वेदांता लिमिटेड देश भर में ऐसे 4,000 मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र बनाएगी।

ये देश के सामाजिक क्षेत्र के विकास के लिए अपनी तरह की पहली पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप है।

आंगनवाड़ी का नाम लेते ही अगर आपके मस्तिष्क में एक पुराने और जर्जर भवन में संसाधनों के अभाव के साथ पढ़ रहे ग्रामीण बच्चों का चित्र उभरता हो, तो इस खबर को पढ़ने के बाद आप कुछ अलग सोचने पर मजबूर हो जाएंगे। देश में आंगनवाड़ी का एक नया-डिजिटल अवतार सामने आ चुका है। भौतिक सुख सुविधाओं से दूर गांवों के लिए बड़े शहरों के प्ले स्कूल जैसे ‘नंदघर’ आंगनवाड़ी के अच्छे दिनों की तरफ पहला कदम साबित होंगे।

इस तरह के आंगनवाड़ी केंद्रों के पीलीभीत में शुभारंभ पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए मेनका ने कहा, “मैं अनिल अग्रवाल की शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में 4,000 आंगनवाड़ी बनाने पर सहमति प्रदान की। जिनमें से कुछ का निर्माण पीलीभीत में किया जा रहा है। वास्तव में यह सामाजिक क्षेत्र के विकास के लिए किया गया एक अनूठा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिपहै और मुझे पूरा विश्वास है कि ये केंद्र कई और कॉरपोरेट्स को सरकार के साथ हाथ मिलाने की प्रेरणा देंगे, ताकि देश में महिलाओं और बच्चों से जुडी कुछ समस्याओं का समाधान किया जा सके।”

वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल के अनुसार, ‘नंदघर’ प्रोजेक्ट अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल प्रशिक्षण मुहैया कराने की ओर उठाया गया एक कदम है, जो समाज के विभिन्न वर्गो को दीर्घकालिक लाभ पहुंचाएगा। नंदघर के माध्यम से गांवों के बच्चों और महिलाओं को विश्व स्तरीय सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इनमें सौर ऊर्जा के जरिए एक प्रेरक माहौल में ई.लर्निग की सुविधाएं, आरओ द्वारा स्वच्छ पीने का पानी और मोबाइल चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं जैसी कई सुविधाएं शामिल हैं।

भारत सरकार द्वारा एकीकृत बाल विकास योजना (आईसीडीएस) के तहत स्थापित नंदघर एक सेवा वितरण इकाई है और मौजूदा आंगनवाड़ी व्यवस्था का ही आधुनिक विस्तार है। इसे विकसित करने के लिए वेदांता ने भारत सरकार के साथ हाथ मिलाया है, ताकि देश के आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों की देखभाल और शिक्षा केंद्रों के रूप में रूपांतरित किया जा सके। शुक्रवार को मेनका गांधी पीलीभीत में ही सांसद आदर्श गांव गुलड़िया भूप सिंह के अलावा जल्लूपुर गांव के आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन करेंगी और इस परियोजना से हर वर्ष करीब 25 लाख बच्चे और महिलाएं लाभान्वित होंगे।

नंदघर में दिन का आधा समय बच्चों की शिक्षा को दिया जाएगा और बाकी बचे हुए आधे समय में महिलाओं के कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

नंदघर इटली की शनेल टेक्नोलॉजी से निर्मित किए जा रहे हैं। ये संरचना आग प्रतिरोधी, नमी और भूकंप प्रतिरोधी है। इंटरैक्टिव लर्निग को बढ़ावा देने के लिए नंदघर को ‘बाला’ डिजाइन से सुसज्जित किया गया है।

यहां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नंदघर में टेलीविजन के जरिए जीवंत शिक्षण की सुविधा भी होगी। प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल सुनिश्चित करने के लिए नंदघर के जरिए बच्चों, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली स्त्रियों के लिए मोबाइल स्वास्थ्य वैन की सुविधा उपलब्ध होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493