नई दिल्ली, 4 फरवरी (आईएएनएस) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के नवनियुक्त प्रमुख ऋषि कुमार शुक्ला ने सोमवार को पदभार संभाल लिया।
उन्होंने पदभार ऐसे समय में संभाला है जब एक दिन पहले ही चिटफंड घोटाला मामले में कोलकाता पुलिस के आयुक्त राजीव कुमार से कोलकाता में पूछताछ को लेकर राज्य पुलिस और सीबीआई आमने-सामने आ गईं और यह तकरार अभी जारी है।
शुक्ला (59) ने एजेंसी के अंतरिम प्रमुख एम. नागेश्वर राव से प्रभार ग्रहण किया, जिन्हें सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा को एजेंसी से हटाने के बाद इस पद के लिए नियुक्त किया गया था।
मध्य प्रदेश काडर के 1983 बैच के आईपीएस अधिकारी शुक्ला ने उस दिन अपना पदभार संभाला है, जिस दिन सीबीआई ने कोलकाता मामले को लेकर सर्वोच्च न्यायालय का रुख किया। सीबीआई ने आरोप लगाया कि चिटफंड घोटाले की जांच में बाधा पहुंचाई गई और उसके अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता पुलिस आयुक्त के बचाव में सामने आ गई हैं। कुमार पर शारदा चिटफंड घोटाले में कथित रूप से सबूत नष्ट करने का आरोप है।
dharmpath.com dharmpath