नकदी की कमी पर अखिलेश के आरोप पर भाजपा का पलटवार

लखनऊ ,18 अप्रैल (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को नकदी की कमी को लेकर वर्तमान सरकार पर कई आरोप लगाए, वहीं भाजपा ने भी अखिलेश पर पलटवार करने में देर नही लगाई।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, “वर्तमान सरकार ने सबसे अधिक मात्रा में नकदी की छपाई की है फिर भी एटीएम में नकदी नहीं है, तो नकद कहां है।”

उन्होंने कहा, “नकद ना होने की समस्या लगातार बनी हुई है। यह देश की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है। रुपये की जमाखोरी अगर कोई कर रहा है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए। ये सरकार की जिम्मेदारी है, कहीं ऐसा तो नहीं है कि सरकार के इशारे में जमाखोरी हो रही है, इस पूरे मामले पर जांच होनी चाहिए और मुझे ऐसा लगता है कि इसमें अंतरराष्ट्रीय साजिश है ताकि भारत की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़े और गरीब प्रभावित हों।”

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के इस आरोप पर भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने पलटवार किया।

उन्होंने कहा, “नकदी की समस्या कोई अंतर्राष्ट्रीय समस्या नहीं है और ना ही देश में पैसे की कोई किल्लत है। जहां कहीं भी इस तरह की दिक्कतें आ रही हैं, उनको तत्काल दूर किया जा रहा है।”

त्रिपाठी ने कहा, “अखिलेश यादव अंतर्राष्ट्रीय साजिश बोलकर अपना कद बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका दल क्षेत्रीय दल है, वो साजिश बोलकर सुर्खियां बटोरने का काम करना चाहते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493