नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। सरकार ने सोमवार कहा कि एटीएम मशीनों को नए नोटों के अनुकूल बनाने और विभिन्न माध्यमों से नकदी का वितरण बढ़ाने के लिए एक कार्यदल का गठन किया गया है।
आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने सोमवार सुबह मीडियाकर्मियों को बताया कि यह फैसला रविवार देर शाम प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया।
दास ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के उपगवर्नर की अध्यक्षता में यह कार्यदल इन गतिविधियों पर नजर बनाए रखेगा और विभिन्न माध्यमों से नकदी का वितरण करेगा और समयबद्ध तरीके से जरूरी कदम उठाएगा।
आरबीआई ने बाद में कहा कि नए नोटों के अनुकूल एटीएम मशीनों को बनाने के लिए इस कार्यदल का गठन किया गया है।
इस कार्यदल में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक के सदस्य भी होंगे।
dharmpath.com dharmpath