नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विमुद्रीकरण के बाद आम आदमी के समक्ष खड़ी नकदी की समस्या के लिए सोमवार को एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी को इसकी वजह से भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
केजरीवाल ने मोदी के उन दावों पर सवाल उठाए जिसमें मोदी ने कहा था कि गरीब चैन की नींद सो रहे हैं और धनी वर्ग को नींद की गोलियां खानी पड़ रही हैं। केजरीवाल ने कहा कि सच्चाई इसके ठीक उलट है।
केजरीवाल ने कहा, “बैंकों के बाहर कतारों में खड़े लोग गरीब ही हैं और चैन की नींद तो मोदी के मित्र ले रहे हैं।”
केजरीवाल ने आठ नवंबर को 500 और 1,000 रुपये के नोटों को अमान्य घोषित करने की तैयारी को खराब बताया और कहा कि सरकार अपने इस फैसले को वापस लेने की बजाय उसी पर अड़ी हुई है।
केजरीवाल ने कहा, “यह तो समझ में ही नहीं आ रहा कि 1,000 रुपये के नोट बदलकर 2,000 रुपये के नोट लाने से भ्रष्टाचार और काले धन पर लगाम कैसे लगेगा।”
dharmpath.com dharmpath