जेरूसलम/गाजा, 16 मई (आईएएनएस)। नकबा की 67वीं जयंती के पहले फिलिस्तीनियों तथा इजरायली सुरक्षबलों के बीच झड़प में कम से कम 20 फिलिस्तीनी घायल हो गए।
1948 में इजरायल का गठन हुआ था और इस दिन को फिलीस्तीनी ‘नकबा दिवस’ (आपदा दिवस) के तौर पर मनाते हैं।
समाचार एजेंस एफे से स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अशरफ अल-किदरा ने गाजा में शुक्रवार को कहा कि गुरुवार को इजरायली सीमा की तरफ एक रैली करने के दौरान गोली लगने से तीन फिलिस्तीनी मामूली रूप से घायल हो गए।
इजरायली सेना के एक प्रवक्ता ने एफे से कहा, “प्रदर्शनकारियों की संख्या लगभग 100 थी, जिनमें से पांच ने बाड़ की ओर रुख किया। सुरक्षाबलों ने पहले चेतावनी स्वरूप गोलीबारी की, जिसके बाद उन्होंने उनके शरीर के निचले हिस्से को निशाना बनाकर गोलियां दागीं।”
उधर, उत्तरी वेस्ट बैंक नेबलस में शुक्रवार सुबह इजरायली सुरक्षाबलों के साथ झड़प के दौरान 21 प्रदर्शनकारी घायल हो गए। यह झड़प यूसुफ के मकबरे में उस वक्त हुई, जब वहां पहुंचे इजरायलियों के एक समूह पर फिलिस्तीनी युवकों ने पथराव किया, जिसके बाद इजरायलियों ने उनका जवाब गोलीबारी, आंसू गैस तथा रबर बुलेट से दिया।
समाचार एजेंसी मान के मुताबिक, अधिकांश लोग शरीर के निचले हिस्से में गोली लगने से घायल हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल रामल्ला के बाहर ऑफर जेल के निकट नकबा धार्मिक समारोह के दौरान, इजरायली गोलीबारी में दो फिलिस्तीनियों की मौत हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath