नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। भारत में सऊदी अरब के राजदूत डा. सउद मुहम्मद अलसाती ने शनिवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक मामले (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री मु़ख्तार अब्बास नकवी से मुलाकात की। इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
नकवी ने डा. अलसाती से सऊदी अरब में हज यात्रा पर गए भारत के हाजियों की सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की। इस वर्ष लगभग 1 लाख 30 हजार हज यात्री सऊदी अरब हज यात्रा पर जा रहे हैं।
नकवी ने सऊदी अरब में काम करने वाले भारतीय श्रमिकों के हितों की रक्षा हेतु सऊदी सरकार के सहयोग के लिए राजदूत डा. सउद अलसाती के माध्यम से सऊदी सरकार को धन्यवाद दिया।
नकवी ने कहा कि भारत और सऊदी अरब के बीच संबंध बहुत पुराने हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार के कार्यकाल में दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई मिली है।
इसके अलावा नकवी ने शनिवार को जम्मू एवं कश्मीर के हज एवं व़क्फ मामलों के मंत्री फारूक अहमद अंद्राबी से भी मुलाकात की। नकवी और अंद्राबी ने जम्मू एवं क श्मीर में शिक्षा, रोजगार से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। नकवी ने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार गरीबों, कमजोर तबकों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के आर्थिक-सामाजिक-शैक्षिक सशक्तीकरण को समर्पित है।
नकवी ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर प्रगति की मुख्यधारा में तेजी से शामिल हो रहा है। हमें देखना चाहिए कि कोई भी विकास और अमन विरोधी ताकत अपने मंसूबों में कामयाब न हो।
अजमेर शरीफ दरगाह के गद्दीनशीन पीर सैयद फख्र काजमी चिश्ती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भी नकवी से मुलाकात की। इस मुलाकात में अजमेर दरगाह से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अल्पसंख्यकों के सशक्तीकरण के लिए चल रहे कार्यो की सराहना की।
dharmpath.com dharmpath