हैदराबाद, 3 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश पुलिस ने गुरुवार को हैदराबाद उच्च न्यायालय से कहा कि शीर्ष नक्सली नेता रामकृष्ण उसकी हिरासत में नहीं है।
पुलिस ने यह बात अदालत के निर्देश पर दायर किए गए एक जवाबी हलफनामे में कही है। न्यायालय एक बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका की सुनवाई कर रहा है, जिसे रामकृष्ण की पत्नी कंडुला सिरिशा ने दायर किया था। रामकृष्ण भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य है।
सिरिशा का आरोप है कि पुलिस ने रामकृष्ण (आरके) को हिरासत में लिया है। सिरिशा ने कहा कि ओडिशा पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में आंध्र-ओडिशा सीमा पर पुलिस ने रामकृष्ण को हिरासत में लिया।
सिरिशा ने अदालत से पुलिस को आरके को पेश करने के लिए निर्देश देने की मांग की।
खंडपीठ ने याचिकाकर्ता से पूछा कि क्या उसके पास पुलिस हिरासत में उसके पति के होने का कोई सबूत है। इस पर याचिकाकर्ता ने अदालत से सबूत देने के लिए दस दिनों का समय मांगा।
ओडिशा के मलकानगिरि जिले में बीते सप्ताह आंध्र और ओडिशा पुलिस के संयुक्त अभियान में कथित तौर पर 30 नक्सली गोलीबारी में मारे गए थे।
dharmpath.com dharmpath