नगर निगम कर्मियों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के पुतले फूंके (राउंडअप)

नई दिल्ली, 6 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को 11वें दिन भी जारी रही। उन्होंने यहां वेतन की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पुतले फूंके।

उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि “केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार दोनों में कोई भी हमारी मांगें पूरी करने को तैयार नहीं है।”

निगम के सैंकड़ो प्रदर्शनकारियों ने यहां कई स्थानों पर कूड़े का ढेर लगा दिया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिचड़ीपुर स्थित कैंप कार्यालय और लाल कॉलेज के पास कूड़ा फेंका।

वहीं पूर्वी दिल्ली के बाबरपुर में परिवहन कार्यालय के सामने प्रदर्शनकारियों ने परिवहन मंत्री गोपाल राय का पुतला फूंका।

मजदूर विकास संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष संजय गहलोत ने आईएएनएस को बताया, “जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हम दिल्ली की सड़कों पर कूड़ा बिखेरते रहेंगे।”

गहलोत ने कहा कि वे सोमवार को इस मामले को दिल्ली उच्च न्यायालय में उठाएंगे।

एमसीडी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा, “निगम के डॉक्टरों और इंजीनियरों के एक वर्ग ने हड़ताल खत्म कर दिया है, लेकिन इससे हमारे आंदोलन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होती, आन्दोलन जारी रहेगा।”

दिल्ली के निगम कर्मचारी पिछले कई महीनों से वेतन भुगतान नहीं होने को लेकर आन्दोलन कर रहे हैं।

दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने शुक्रवार को दो निगमों को 300 करोड़ रुपये ऋण मुहैया कराने की घोषणा करते हुए हड़ताल खत्म करने की अपील की थी।

इसी हफ्ते केजरीवाल सरकार ने भी उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम को वेतन भुगतान के लिए 551 करोड़ रुपये ऋण देने की घोषणा की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493