नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। भारत ने बुधवार को कहा कि सऊदी अरब के शहर नजरान में हो रही गोलीबारी के कारण वहां फंसे 100 भारतीय नागरिकों को लेकर वह सऊदी अरब के संपर्क में है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, “नजरान में हालात के मद्देनजर, जेद्दा में हमारा वाणिज्यदूतावास सऊदी अधिकारियों व भारतीय समुदाय के संपर्क में है।”
उन्होंने कहा कि महावाणिज्यदूतावास के अधिकारी मोहम्मद जावेद आलम (0532894074) तथा मोहम्मद फैसल (0507745466) नजरान में डेरा जमाए हुए हैं और भारतीय नागरिकों को विभिन्न परामर्श दे रहे हैं। सऊदी अरब के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना तथा हौती विद्रोहियों के बीच लड़ाई तेज होने के मद्देनजर, भारतीय नागरिकों ने भारत सरकार से उन्हें जल्द से जल्द बाहर निकालने की अपील की है।
सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिम में स्थित शहर नजरान में इस सप्ताह की शुरुआत में यमन के हौती विद्रोहियों ने गोलीबारी शुरू कर दी थी।
यमन की सीमा से लगे शहर नजरान तथा इसके आसपास के इलाकों में कई अस्पताल तथा व्यापारिक प्रतिष्ठान स्थित हैं, जहां भारत, पाकिस्तान, फिलीपींस तथा बांग्लादेश के सैकड़ों नागरिक काम करते हैं।
इससे पहले हिंसा प्रभावित यमन से भारत अपने हजारों नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल चुका है।
dharmpath.com dharmpath