नड्डा ने निमोनिया, मेनिनजाइटिस का टीका लॉन्च किया

मंडी (हिमाचल प्रदेश), 13 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी.नड्डा ने शनिवार को सार्वभौमिक प्रतिरक्षण कार्यक्रम (यूआईपी) के तहत बच्चों को न्यूमोकोकल बीमारियों से बचाने के लिए न्यूमोकोकल कंजुगेट टीका लॉन्च किया।

हिमाचल प्रदेश के मंडी में एक समारोह में टीके को लॉन्च करते हुए उन्होंने कहा, “हमारी सरकार की यही प्रतिबद्धता तथा लक्ष्य है कि देश में किसी भी बच्चे की मौत उन बीमारियों से न हो, जिनका बचाव टीकाकरण के माध्यम किया जा सकता है।”

उन्होंने कहा, “हम बच्चों की मौतों की संख्या कम करने तथा हमारे बच्चों को स्वस्थ भविष्य प्रदान करने के प्रति कटिबद्ध हैं।”

न्यूमोकोकल टीके की लॉन्चिंग को देश के प्रतिरक्षण कार्यक्रम में एक बड़ा कदम बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार देश में बच्चों में रोग और उनकी मौतों को कम करने के लिए कटिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि नियमित रूप से प्रतिरक्षण को मजबूती प्रदान करना भारत के बच्चों में एक अनिवार्य निवेश है और यह देश का स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करेगा।

न्यूमोकोकल कंजुगेट वैक्सीन बच्चों को स्टेप्टोकोकस निमोनिया जीवाणु से होनी वाली गंभीर बीमारियों जैसे निमोनिया तथा मेनिनजाइटिस से सुरक्षा प्रदान करता है।

वर्तमान में, पहले चरण के तहत यह टीका हिमाचल प्रदेश, बिहार व उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 21 लाख बच्चों को दिया जाएगा।

इसके बाद अगले साल इसे मध्य प्रदेश व राजस्थान में शुरू किया जाएगा और अंतत: चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में सभी बच्चों को दिया जाएगा।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने समग्र प्रतिरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाए हैं।

मिशन इंद्रधनुष के तहत 2.6 करोड़ से अधिक लाभार्थियों का टीकाकरण किया जाएगा। समग्र प्रतिरक्षण की दिशा में कवरेज सालाना एक फीसदी बढ़ाते हुए मिशन इंद्रधनुष 6.7 फीसदी के कवरेज तक पहुंच चुका है।

उन्होंने कहा, “प्रतिरक्षण कार्यक्रम की शुरुआत छह बीमारियों से सुरक्षा के लिए टीकों के साथ हुई थी, जो अब हमारे बच्चों की 12 बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करेगा।”

उन्होंने कहा कि ये सभी टीके केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में निजी क्षेत्रों में कई वर्षो से उपलब्ध थे।

नड्डा ने कहा, “इन टीकों तक पहुंच उन्हीं लोगों की हो पाती थी, जो इसपर होने वाले खर्च को वहन करने में सक्षम थे, लेकिन यूआईपी के तहत इन सबको मुहैया कराकर सरकार इसकी पहुंच उन लोगों तक सुनिश्चित कर रही है, जिन्हें इनकी सर्वाधिक जरूरत है।”

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि न्यूमोकोकल कंजुगेट वैक्सीन बाल मृत्यु दर को घटाने के सरकार के प्रयासों का समर्थन करेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493