भुवनेश्वर, 27 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा में राज्यसभा की एकमात्र सीट के उपचुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम पर चल रही अटकलों को विराम लगाते हुए बीजू जनता दल (बीजद) ने शुक्रवार को नरेंद्र स्वैन को अपना उम्मीदवार घोषित किया। उप चुनाव 14 दिसंबर को होना है।
मुख्यमंत्री और बीजद के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने संवाददाताओं से कहा, “मैं राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजद महासचिव नरेंद्र कुमार स्वैन को पार्टी का उम्मीदवार घोषित करता हूं।”
ऊपरी सदन की इस एकमात्र सीट के लिए पार्टी में कई दावेदारों के नाम सामने आए थे।
स्वैन ने कहा कि वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा, “मैं इस फैसले के लिए पार्टी प्रमुख का शुक्रगुजार हूं। मैं हमेशा पार्टी के लिए काम करता रहूंगा। राज्यसभा के लिए चुने जाने पर मैं पूरी ईमानदारी से अपने कर्तव्य का निर्वहन करूंगा।”
ओडिशा विधानसभा की अधिसूचना के मुताबिक, उपचुनाव के लिए पर्चा भरने की प्रक्रिया 26 नवंबर से शुरू हो चुकी है। यह तीन दिसंबर तक चलेगी। चार दिसंबर को पर्चो की जांच होगी। सात दिसंबर तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा।
विधानसभा में बीजद के स्पष्ट बहुमत की वजह से स्वैन की जीत तय मानी जा रही है। बीजद के कल्पतरु दास के निधन की वजह से यह सीट खाली हुई है।
ओडिशा की 147 सदस्यीय विधानसभा में बीजद के 117 सदस्य हैं।
dharmpath.com dharmpath