नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार नवाचार करने वालों के लिए एक विशेष पोर्टल शुरू करने जा रही है। एक मंत्री ने यह जानकारी गुरुवार को दी।
सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने यहां इंटेल डीएसटी इनोवेट फॉर डिजिटल इंडिया चैलेंज कार्यक्रम में कहा, “मैंने यह फैसला किया है कि मेरे मंत्रालय का एक अलग पोर्टल होगा, जो पूरी तरह से भारत के नवाचारकों के लिए समर्पित होगा।”
उन्होंने कहा, “पोर्टल पर कोई भी अपने नवाचार को पेश कर सकता है और मेरा विभाग उन लोगों से संपर्क करेगा।” उन्होंने कहा, “मैं खुद यह सुनिश्चित करूंगा कि नवाचार करने वालों से संपर्क किया जाए।”
जुगाड़ की सराहना करते हुए प्रसाद ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय ई-गवर्नेस परियोजना के तहत कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) या सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) एक्सेस प्वाइंट की संख्या बढ़ाकर दोगुना करना चाहती है।
उन्होंने कहा, “देशभर में 1,25,000 डाकघरों को कॉमन सर्विस सेंटरों में बदलने की योजना है।”
उन्होंने कहा, “सरकारी मदद से किए गए जुगाड़ (सस्ता नवाचार) से देश में व्यापक बदलाव आएगा।”
कार्यक्रम में इससे पहले इंटेल कारपोरेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ग्रेगरी आर. पीयर्सन ने कहा, “इंटेल का लक्ष्य मूर के नियम की ताकत का उपयोग कर धरती पर हर व्यक्ति तक स्मार्ट कनेक्टेड उपकरण पहुंचाना है।”
उन्होंने कहा, “डिजिटल से लोकतांत्रीकरण को तो बढ़ावा मिला ही है, अब यह सस्ता भी हो गया है।”
इंटेल डीएसटी इनोवेट फॉर डिजिटल इंडिया चैलेंज की शुरुआत आसान समाधान का विकास करने के लिए नवाचारकों को आकर्षित करने के लिए किया गया है। इसने गुरुवार को 10 नवाचारकों को पुरस्कृत भी किया।
इंटेल के मुताबिक, डिजिटल भारत कार्यक्रम की सफलता के लिए जरूरी है कि गांव-गांव को डिजिटल किया जाए।
dharmpath.com dharmpath