नवीन पटनायक ने मंत्रियों में विभागों का बंटवारा किया

भुवनेश्वर, 29 मई (आईएएनएस)। नवीन पटनायक ने बुधवार को लगातार पांचवी बार ओडिशा के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 20 मंत्रियों ने भी शपथ ली जिनके बीच विभागों का बंटवारा पटनायक ने कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने गृह, सामान्य प्रशासन और जो विभाग किसी को नहीं दिए गए हैं, उन सभी को अपने पास रखा है। निरंजन पुजारी को वित्त एवं उत्पाद शुल्क मंत्रालय दिया गया है। विक्रम केशरी अरुखा के पास पहले की ही तरह वन, पर्यावरण एवं संसदीय कार्य मंत्रालय का प्रभार रहेगा।

प्रफुल कुमार मलिक को भी स्टील, खदान एवं वर्क्‍स विभाग का प्रभार फिर से सौंपा गया है। इसके अलावा वह गृह राज्य मंत्री भी बनाए गए हैं।

रनेंद्र प्रताप स्वेन को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री बनाया गया है जबकि पद्मनाभा बेहरा को नियोजन एवं कनवर्जेस, वाणिज्य एवं परिवहन मंत्रालय सौंपा गया है।

प्रताप जेना पंचायती राज, पेयजल, विधि, आवास एवं शहरी विकास तथा अरुण कुमार साहू कृषि, किसान सशक्तीकरण, मत्स्य, उच्च शिक्षा व पशु संसाधन मंत्री बनाए गए हैं।

सुदाम मरांडी को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, सुसांता सिंह को ग्रामीण विकास, श्रम एवं कर्मचारी राज्य बीमा, नबा किशोर दास को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा तुकुनी साहू को महिला एवं बाल कल्याण तथा मिशन शक्ति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

राज्य मंत्रियों में जगन्नाथ सारका को अनुसूचित जाति-जनजाति विकास एवं अल्पसंख्यक व पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यशंकर मिश्रा को ऊर्जा, उद्योग एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग सौंपे गए हैं।

राज्य मंत्री अशोक चंद्र पांडा को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सार्वजनिक उद्यम, सामाजिक सुरक्षा एवं विकलांग सशक्तीकरण, समीर रंजन दास को स्कूल एवं जनशिक्षा, ज्योति प्रकाश पाणिग्रही को पर्यटन, ओडिया भाषा, साहित्य व संस्कृति विभाग सौंपे गए हैं।

राज्य मंत्री प्रेमानंद नायक को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, रघुनंदन दास को जल संसाधन, सूचना एवं जनसंपर्क और पद्मिनी दियान को हैंडलूम, टेक्सटाइल एवं हस्तकला विभाग की जिम्मेदारी मिली है।

राज्य मंत्री तुषारकांति बेहरा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, खेल व युवा सेवा विभाग देखेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493