पटना, 21 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार में लोगों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए शनिवार को यहां के गांधी मैदान से मानव श्रृंखला शुरू की गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दावा है कि इस मानव श्रृंखला में करीब तीन करोड़ लोगों ने भागीदारी की। उन्होंने इस आयोजन में भूमिका निभाने वाले सभी लोगों की सराहना की।
मानव श्रृंखला में शामिल होने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, “इस मानव श्रृंखला में पहले दो करोड़ लोगों के शामिल होने की उम्मीद की गई थी, लेकिन सभी जिले से मिल रही सूचना के हिसाब से आज (शनिवार) 11,400 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई गई और इसमें तीन करोड़ लोगों ने हिस्सेदारी की।”
उन्होंने कहा कि इस सफल आयोजन के लिए सभी लोग बधाई के पात्र हैं।
जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष ने कहा कि बहुत जगहों पर एक पंक्ति से ज्यादा लोग इकट्ठे हो गए और लोगों को निर्धारित पंक्ति के आगे-पीछे भी पंक्ति बनानी पड़ी।
उन्होंने कहा, “आज के मानव श्रृंखला की सफलता इस बात की परिचायक है कि बिहार के लोग शराबबंदी और नशामुक्ति के पक्षधर हैं। मानव श्रृंखला के माध्यम से उसका प्रकटीकरण किया गया है।”
नीतीश ने कहा कि इस अभूतपूर्व और विलक्षण मानव श्रृंखला में लोगों में काफी उत्साह था और उन्होंने स्वयं गांव-कस्बों में अन्य रूटों पर मानव श्रृंखला बनाई। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान अभी रुकने वाला नहीं है। यह 22 मार्च तक चलेगा।
उल्लेखनीय है कि बिहार में शराबबंदी के समर्थन और नशामुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को राज्यभर में मानव श्रृंखला बनाई गई।
dharmpath.com dharmpath