नहीं सुधरे भाजपा वाले तो 2019 में जनता हटा देगी : अखिलेश

अखिलेश ने कहा कि भाजपाइयों ने सपा शासन के दौरान सैफई-इटावा के विकास का खूब प्रचार किया। लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि केंद्र-प्रदेश दोनों जगह सरकार बनने के बाद भी गोरखपुर को क्या दिया। वह रविवार को रामकोला के शहीद किसान मेला में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर में एम्स निर्माण के लिए सपा सरकार ने जमीन दी। लेकिन अब तक इसके लिए भाजपा सरकार ने बजट नहीं दिया। सपा सरकार ने शिक्षामित्रों को नौकरी दी। मौजूदा सरकार उन्हें लाठी मार रही है। किसानों की आमदनी दोगुनी करने का लालच देने वाली प्रदेश सरकार में किसानों के उपज का उचित दाम भी नहीं मिल रहा है। किसानों का पूरा कर्ज माफ करने के बजाय सरकार वादे से मुकर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था फेल है। छात्रों, नौजवानों व शिक्षकों पर लाठी भांजी जा रही है। जीएसटी ने देश की अर्थ व्यवस्था को चौपट कर दिया है। इससे व्यापारियों का व्यापार चौपट हो रहा है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश ने कहा जिस देश के पास अच्छी सड़कें और अच्छी शिक्षा की सुविधा है तो उन्हें आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं सकता। हमने 23 महीने में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे बना दिया। समय नहीं मिला वरना हम आगे भी बनाते। अखिलेश ने पूछा कि अच्छे दिन और न्यू इंडिया में क्या फर्क है। न्यू इंडिया तब बनेगा जब किसान आगे बढ़ेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने ऐसे ही जय जवान, जय किसान का नारा नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि हमें देश के अंदर शांति और एकता बनानी है लेकिन कुछ लोग न जाने कौन-कौन सी चीजें फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी में कहावत है कि पूत के पांव पालने में ही दिख जाते हैं। इनकी नीति दिख गई है। किसानों को बेवकूफ बना रहे हैं।

अखिलेश ने कहा कि हमने सुना है कि सरकार बोल रही है कि हमने यश भारती अपने लोगों को दिया। हम कह रहे हैं कि केंद्र में भी आपकी सरकार है और प्रदेश में भी, हमने उन्हें जितनी पेंशन दी आप भी देकर दिखा दो। नेताजी ने अमिताभ बच्चन को यश भारती देकर इसकी शुरुआत की थी। हमने हर कलाकार को, जिन्होंने मेहनत की उनको यह सम्मान दिया। सूची निकाल के देख लो।

उन्होंने कहा हमने जिन माताओं और बहनों को पेंशन दिया उन्हें रोक दी गयी है आज उनसे सरकार के बारे में पूछो। हमारी सरकार में पुलिस ठीक थी। अब तो गड़बड़ कर रही है। बोला जा रहा है कि अगर पुलिस नहीं बदली तो डायल-100 सुविधा बंद कर देंगे। हम कहते हैं कि आप नहीं सुधरे तो 2019 में यह जनता आपको हटा देगी। उन्होंने सवाल किया कि अगर भ्रष्टाचार खत्म हो गया होता तो औरैया में जो हुआ वह न होता। राज्य के बहुत से हिस्से बाढ़ से ग्रस्त हैं।

सरकार ने उनकी मदद उस पैमाने पर नहीं की। गाय को लेकर वोट मांगे थे। लेकिन गाय के लिए क्या किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर मेडिकल कालेज में आक्सीजन की कमी से मृतक मासूम के परिजनों को दो-दो लाख रुपये का चेक समाजवादी पार्टी ने अपने फंड दे दिया। प्रदेश सरकार को अब तक इनकी याद नहीं आयी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493