नांगलोई दुष्कर्म : हिरासत में लिए गए 2 किशोर (लीड-1)

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के नांगलोई इलाके में अबोध बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में रविवार को दो किशोरों को हिरासत में लिया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि ढाई वर्षीया बच्ची का शुक्रवार रात उसके घर के बाहर से दो किशोरों ने अपहरण कर लिया था। उस वक्त इलाके में बिजली नहीं थी। बच्ची शनिवार सुबह बेहोशी की हालत में पड़ोस के तालाब वाला पार्क में मिली थी।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की उम्र 17 साल के आसपास है और दोनों पड़ोस में ही रहते हैं। दोनों बच्ची के परिवार को जानते थे।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) पुष्पेंद्र कुमार ने कहा, “इस मामले में 18 टीमें गठित की गई थीं और रातभर में करीब 250 स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस कुछ लोगों तक पहुंची और उसके बाद आरोपी किशोरों को गिरफ्तार कर लिया गया।”

आरोपियों के खिलाफ शनिवार को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 363 और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोस्को) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया था।

पुलिस ने कहा कि पूर्व में सीसीटीवी कैमरे में जिन दो लोगों की तस्वीरें कैद हुई थी और जिन्हें आरोपी माना जा रहा था, उनका मामले से कोई लेना-देना नहीं है। वे दोनों स्थानीय लोग हैं। मोटरसाइकिल पर उनके साथ जो बच्ची थी, वह उनमें से एक व्यक्ति की बेटी थी।

पीड़ित बच्ची संजय गांधी अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493