लागोस, 24 जनवरी (आईएएनएस)। नाइजीरिया की सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को देश में हिंसा मुक्त, निष्पक्ष एवं विश्वसनीय चुनाव संपन्न कराने का भरोसा दिलाया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इस पश्चिम अफ्रीकी देश में फरवरी में आम चुनाव होने हैं। नाइजीरिया की सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को यह भी भरोसा दिलाया है कि चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक ही होंगे।
नाइजीरिया के विदेश मंत्री अमीनु वली ने कहा कि हालांकि चुनाव की तैयारियों में कुछ रुकावटें आ सकती हैं, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को इसके लिए आश्वस्त रहना चाहिए कि राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन देश में विश्वसनीय आम चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए राष्ट्रपति पद के सभी उम्मीदवारों के बीच पिछले सप्ताह हुए समझौते से भी इसका सत्यापन होता है।
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से आवश्यक सहायता की अपील करते हुए कहा कि इसके अभाव में चरमपंथी गिरोह पश्चिमी अफ्रीका तथा अफ्रीका में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर सकते हैं।
इससे पहले वली ने पश्चिमी अफ्रीका तथा नाइजीरिया के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव के विशेष प्रतिनिधि मोहम्मद चम्बास की अगवानी की। चम्बास ने कहा कि नाइजीरिया इस उप क्षेत्र और विश्व में एक महत्वपूर्ण देश है। संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
dharmpath.com dharmpath