कोहिमा, 21 फरवरी (आईएएनएस)। नागालैंड में मुख्यमंत्री टी.आर.जेलियांग के इस्तीफे के बाद प्रदर्शन कर रहे जनजातीय समूहों ने मंगलवार को अनिश्चितकालीन बंद को वापस ले लिया।
ये जनजातीय समूह नागालैंड जनजातीय कार्य समिति (एनटीएसी) और संयुक्त समन्वय समिति (जेसीसी) के नेतृत्व में सरकार द्वारा निकाय चुनाव कराए जाने के खिलाफ 31 जनवरी से प्रदर्शन कर रहे थे।
निकाय चुनावों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिए जाने के सरकार के फैसले का विरोध कर रहे थे।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच संघर्षो में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
एनटीएसी के संयोजक के.टी. विल्ले ने आईएएनएस को बताया, “हमने जेलियांग के इस्तीफे के बाद प्रदर्शन वापस ले लिया है।”
शुरहोजेली लीजीत्सू सोमवार को राज्य के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के 81 वर्षीय नेता लीजीत्सू को रविवार रात जेलियांग के इस्तीफे देने के बाद पार्टी के विधायक दल का नेता चुन लिया था।
राज्यपाल पी.बी.आचार्य ने जेलियांग का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था।
dharmpath.com dharmpath