मॉस्को, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। रूस के प्रधानमंत्री दिमित्री मेदवेदेव और उनके अर्मेनियाई समकक्ष होविक अब्राहम्यान ने नागोनरे-काराबाख क्षेत्र में हिंसा पर चिंता जताई है। रूसी सरकार की वेबसाइट ने बुधवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों प्रधानमंत्रियों ने फोन पर विवादग्रस्त क्षेत्र के बारे में चर्चा की। मेदवेदेव ने संघर्ष विराम के क्रियान्वयन और समस्या का राजनीतिक समाधान तलाशने के प्रयास की जरूरत पर बल दिया।
वेबसाइट पर जारी बयान के मुताबिक, दोनों नेताओं ने 7-8 अप्रैल को मेदवेदेव की अर्मेनिया की आगामी यात्रा पर भी चर्चा की। इस दौरान मेदवेदेव यूरोशियन इकोनॉमिक यूनियन की अंतरसरकारी परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे।
अजरबैजान से अलग हुए मुख्य रूप से अर्मेनियाई आबादी वाले क्षेत्र नागोनरे-काराबाख में शुक्रवार रात हिंसा शुरू हो गई थी।
अजरबैजान के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि अजरबैजानी बलों ने सोमवार को 70 अर्मेनियाई जवानों को मार डाला और 20 सशस्त्र वाहनों को नष्ट कर दिया। कम से कम 16 अजेरबैजानी जवान भी मारे गए।
अजरबैजान और अर्मेनिया ने संघर्ष भड़काने के लिए एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराया है।
तीन दिन चली लड़ाई के बाद, दोनों पक्ष संघर्ष विराम पर सहमत हो गए जो मंगलवार दोपहर से अमल में लाया गया।
dharmpath.com dharmpath