ब्रासीलिया, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। ब्राजील में 26 मार्च तक कम से कम 70 लोगों की स्वाइन फ्लू से मौत हो चुकी है। यह संख्या साल 2015 के आंकड़ों से लगभग दोगुनी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि दक्षिणीपूर्वी राज्य साओ पाउलो इससे सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र है, जहां 55 लोगों की इस फ्लू से मौत हुई है।
इस फ्लू को रोकने के लिए साओ पाउलो ने मार्च अंत से एक टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है। जबकि इस अभियान की योजना 30 अप्रैल से 20 मई निर्धारित की गई थी।
अभियान शुरू होने के एक सप्ताह तक इस टीके को लगवाने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जिस वजह से राज्य में इसकी कमी हो गई।
साओ पाउलो स्थित एकनिजी क्लीनिक की निदेशक काटिया गोनक्लेव्स ने बताया, “पहले लोग टीके खरीदते थे, और अगले दिन उसे लगवाते थे। इन दिनों जिन लोगों ने इसे खरीदा, उन्हें नहीं मालूम कि उन्हें कब यह टीका लग पाएगा। वहीं अब यहां बिल्कुल शांति है, क्योंकि अब यह टीका पूरी तरह समाप्त हो चुका है।”
मंत्रालय ने पुष्टि की है कि वह शुक्रवार से सभी राज्यों में खुराक का वितरण शुरू कर देगी और जरूरत के अनुसार इसे बढ़ाएगी।
dharmpath.com dharmpath