नाभा जेल कांड : आतंकवादी मिंटू दिल्ली से गिरफ्तार (लीड-1)

नई दिल्ली/चंडीगढ़, 28 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस और दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने पंजाब की नाभा जेल से रविवार को फरार हुए खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) के सरगना हरमिंदर सिंह मिंटू को एक संयुक्त अभियान के तहत सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।

नई दिल्ली/चंडीगढ़, 28 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस और दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने पंजाब की नाभा जेल से रविवार को फरार हुए खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) के सरगना हरमिंदर सिंह मिंटू को एक संयुक्त अभियान के तहत सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।

विशेष प्रकोष्ठ के एक शीर्ष अधिकारी के मुताबिक, मिंटू को दिल्ली में एक रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।

विशेष प्रकोष्ठ के एक शीर्ष अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर आईएएनएस को बताया, “उसने सुभाष नगर में अपने एक रिश्तेदार से संपर्क किया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके फोन कॉल से उसे गिरफ्तार करने में मदद मिली।”

यह गिरफ्तारी रविवार को पंजाब की अतिसुरक्षित नाभा जेल से दो आतंकवादियों और चार गैंगस्टर्स के फरार होने के 24 घंटे के भीतर हुई है। हथियार बंद लोगों ने जेल पर हमला कर कैदियों को फरार होने में मदद की थी।

अधिकारी ने बताया कि मिंटू को दिल्ली की एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा और उसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब पुलिस को सौंप दिया जाएगा।

नाभा जेल तोड़ने में कथित तौर पर मदद करने वाले बंदूकधारियों में से एक परमिंदर सिंह उर्फ पम्मा सिंह को रविवार शाम को उत्तर प्रदेश के शामली जिले से गिरफ्तार कर लिया गया था।

इससे पहले सोमवार को अधिकारियों ने कहा था कि सुरक्षा एजेंसियां जेल तोड़कर भागे दोनों खूंखार आतंकवादियों और चारों गैंगस्टर्स की खोजबीन कर रही हैं।

पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। नेपाल की ओर जाने वाले रास्तों पर भी खोजबीन की जा रही है।

पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि फरार हुए कैदी और उन्हें भागने में मदद करने वाले हमलावर नाभा जेल तोड़ने के बाद विपरीत दिशाओं में फरार हुए हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493