नारदा स्टिंग मामले में भाजपा का हाथ नहीं : अहलुवालिया

कोलकाता, 25 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एस. एस. अहलुवालिया ने शनिवार को दावा किया कि नारदा स्टिंग मामले में भाजपा का कोई हाथ नहीं है।

नारदा स्टिंग मामले की जांच इस समय केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अहलुवालिया ने कहा, “इस मामले में कलकत्ता उच्च न्यायालय ने अपना आदेश दे दिया है। मुख्यमंत्री ने उसे सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी है, लेकिन शीर्ष अदालत ने जांच के आदेश पर रोक लगाने से मना कर दिया है। इसमें भाजपा कहां से आती है? इस मामले से भाजपा को कोई संबंध नहीं है।”

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 17 मार्च को मामले की सीबीआई से जांच करवाए जाने का आदेश दिया है। हालांकि मुख्यमंत्री ममता ने उच्च न्यायालय के आदेश को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताते हुए इसे भाजपा की ‘साजिश’ कहा है।

ममता ने कहा है, “यह सब नियोजित है। सब पहले से तय किया हुआ है। विधानसभा चुनाव के समय स्टिंग का प्रसारण भाजपा कार्यालय से किया जाता है। सभी जानते हैं कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा है..उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद सीबीआई जांच के आदेश दिए जाएंगे। मैं तो इससे हैरान रह गई। भाजपा नेताओं को आखिर पहले से कैसे पता था कि उच्च न्यायालय सीबीआई जांच के आदेश देने जा रहा है।”

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री अहलुवालिया का वहीं कहना है, “अगर उनका कहना है कि यह सब झूठ है और पूर्व नियोजित है, तो कलोकाता पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के नेता के. डी. सिंह के खिलाफ मामला क्यों दर्ज किया?”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493