नारदा स्टिंग : सांसद सुल्तान अहमद से सीबीआई की पूछताछ

कोलकाता, 3 जुलाई (आईएएनएस)। नारदा स्टिंग फूटेज मामले में तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुल्तान अहमद सोमवार को यहां स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के कार्यालय में अधिकारियों के समक्ष पेश हुए। उन्हें सीबीआई ने समन जारी किया था।

सीबीआई के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “सुल्तान अहमद हमारे कोलकाता के निजाम पैलेस स्थित कार्यालय आए। नारदा स्टिंग मामले में उनकी भूमिका व संलिप्तता को लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।”

तृणमूल कांग्रेस के नेता को स्टिंग फूटेज में कथित तौर पर रकम लेते हुए देखा गया है।

सीबीआई ने अपनी प्राथमिकी में तृणमूल के दर्जन भर नेताओं के साथ अहमद को भी नामजद किया है, जिन्हें एजेंसी पूछताछ के लिए दो बार समन जारी कर चुकी है। लेकिन उन्होंने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए दोनों बार पूछताछ में शामिल होने से कन्नी काट ली थी।

सीबीआई मामले में पिछले महीने अहमद के भाई तथा तृणमूल कांग्रेस के विधायक इकबाल अहमद, भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी एस.एम.एच.मिर्जा तथा एक बिचौलिया सैयद ताजदार अली मिर्जा उर्फ टाइगर से पूछताछ कर चुकी है।

मामला तब प्रकाश में आया, जब नारदा न्यूज पोर्टल ने बीते साल एक वीडियो फूटेज अपलोड किया था, जिसमें तृणमूल कांग्रेस के नेता कथित तौर पर एक काल्पनिक कंपनी के समर्थन का वादा करने के एवज में रकम लेते दिखाई दिए थे।

मामले की सीबीआई से जांच कराने के लिए तीन जनहित याचिकाएं दाखिल की गई थीं और विपक्ष ने मुद्दे पर सत्तापक्ष को निशाने पर लिया था। लेकिन तृणमूल विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर सत्ता पाने में दोबारा कामयाब रही और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्टिंग के पीछे ‘साजिश’ की पुलिस जांच का आदेश दिया।

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने हालांकि पुलिस जांच पर अंतरिम निलंबन का आदेश जारी किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493