नारद स्टिंग मामला : कुणाल घोष ने की ममता की गिरफ्तारी की मांग

कोलकाता, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के निलंबित सांसद तथा करोड़ों रुपये के शारदा चिटफंड घोटाले के आरोपी कुणाल घोष ने मंगलवार को मांग की कि अगर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नारद स्टिंग फुटेज जांच को प्रभावित करने का प्रयास जारी रखती हैं, तो केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को ममता को गिरफ्तार करना चाहिए।

घोष का यह बयान नारद मामले में सीबीआई द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने के एक दिन बाद सामने आया है। मामले में तृणमूल कांग्रेस के एक दर्जन वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं।

ममता बनर्जी ने इसे ‘राजनीतिक खेल’ करार देते हुए इससे राजनीतिक तरीके से लड़ने का संकल्प लिया है।

घोष ने दावा करते हुए कहा, “ममता बनर्जी जांच को प्रभावित करने का लगातार प्रयास कर रही हैं। मामले को सीबीआई के अधिकार क्षेत्र से बाहर बताकर उन्होंने जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया। उन्होंने वीडियो फुटेज को लेकर विरोधाभासी बयान दिए। अगर मुख्यमंत्री जांच को प्रभावित करने का प्रयास जारी रखती हैं, तो सीबीआई को उन्हें गिरफ्तार कर लेना चाहिए और पहले उन्हें हिरासत में लेकर तब दूसरों से पूछताछ करनी चाहिए।”

घोष ने आरोप लगाया कि ममता ने स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो टेप में कथित तौर पर पैसे लेते दिख रहे पार्टी के नेताओं का समर्थन कर अपना ‘बेशर्म दोहरा चरित्र’ दिखाया। नवंबर 2013 में गिरफ्तार होने के बाद से ही घोष ममता पर आरोप लगाते रहे हैं।

उन्होंने सवाल किया, “मुख्यमंत्री ने यह कहकर अपना बेशर्म दोहरा चरित्र दिखाया है कि प्राथमिकी किसी पर आरोप को साबित नहीं करती। जब बंगारू लक्ष्मण पर कथित तौर पर रकम लेने का आरोप लगा था, तो उन्होंने पार्टी क्यों छोड़ दी थी? उस वक्त तो आरोप साबित नहीं हुआ था।”

घोष ने कहा, “अब वह इसे राजनीतिक खेल बता रही हैं, लेकिन मेरे मामले में, जब मुझे गिरफ्तार किया गया और पुलिस ने मेरा उत्पीड़न किया, तब तो उन्होंने कुछ नहीं कहा। यह और कुछ नहीं बस दोहरा चरित्र है।”

उन्होंने मांग की कि प्राथमिकी में जिन 13 आरोपियों के नाम शामिल किए गए हैं, उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए, क्योंकि सभी प्रभावशाली हैं।

घोष ने कहा, “प्राथमिकी में जिन 13 लोगों के नामों को शामिल किया गया है, वे सभी प्रभावशाली हैं। सीबीआई को वास्तविक जांच शुरू करने से पहले ही उन्हें हिरासत में ले लेना चाहिए।”

सीबीआई ने सोमावार को नारद स्टिंग फुटेज मामले में पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के एक दर्जन वरिष्ठ नेताओं तथा भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, जिसके बाद राज्य का राजनीतिक पारा गरम है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493