नई दिल्ली, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) की तर्ज पर निजी सुरक्षा उद्योग को सुरक्षा सेवाओं में उन्नत प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
केंद्रीय कौशल विकास व उद्यमिता राज्य मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित 10वें सुरक्षा कौशल व नेतृत्व सम्मेलन, 2015 के दौरान कहा कि देश भर में उन्नत प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की जरूरत है, जिसका ध्यान गुणवत्ता पर होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय सुरक्षाकर्मियों को उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए वित्तीय सहयोग प्रदान करने को कटिबद्ध है।
सुरक्षा क्षेत्र कौशल विकास परिषद (एसएसएसडीसी) के अध्यक्ष कुंवर विक्रम सिंह ने कहा कि परिषद देश भर के 300 प्रशिक्षण केंद्रों में निजी सुरक्षाकर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए सुविधा मुहैया करा रहा है।
राष्ट्रीय कौशल विकास परिषद (एनएसडीसी) के तहत कार्यरत एसएसएसडीसी को सरकार ने अगले तीन महीनों के दौरान 60 हजार से अधिक निजी सुरक्षाकर्मियों को प्रशिक्षण व मान्यता देने को कहा है।
रूडी ने कहा, “भारत की ताकत इसके मेधावी मानव संसाधन में है और हम अपने युवाओं को सही दिशा में कौशल व प्रशिक्षण प्रदान करें, तो देश में दुनिया का मानव संसाधन कौशल की राजधानी बनकर उभरने की क्षमता है।”
dharmpath.com dharmpath