निदास ट्रॉफी : धवन की अर्धशतकीय पारी से जीता भारत

कोलंबो, 8 मार्च (आईएएनएस)। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (55) की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम ने गुरुवार को खेले गए निदास ट्रॉफी टूर्नामेंट के अपने दूसरे मैच में बांग्लादेश को छह विकेट से हरा दिया।

भारत ने इस मैच के साथ टूर्नामेंट में अपनी जीत का खाता खोला है। उसे श्रीलंका के खिलाफ खेले गए पहले मैच में हार मिली थी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। भारत ने इस लक्ष्य को चार विकेट गंवाकर 18.4 ओवरों में 140 का स्कोर बनाते हुए हासिल कर लिया।

बांग्लादेश की ओर से दिए गए 140 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए शिखर धवन और कप्तान रोहित शर्मा (17) ने 28 रनों की साझेदारी ही की थी कि मुस्ताफिकुर रहमान ने रोहित को बोल्ड कर टीम को पहला झटका दिया।

रोहित के आउट होने के बाद धवन का साथ देने आए युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत (7) को रुबेल हुसैन ने ज्यादा देर तक मैदान पर टिकने नहीं दिया और बोल्ड कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। 40 के स्कोर पर भारतीय टीम ने अपने दो विकेट गंवा दिए थे।

भारत को अब भी जीत के लिए 89 गेंदों पर 100 रनों की जरूरत थी। ऐसे में सुरेश रैना (28) तीसरे बल्लेबाज के रूप में मैदान पर उतरे। छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर कैच हासिल करने से चूके मेहदी हसन ने रैना को जीवनदान दिया।

इस जीवनदान को पाकर रैना ने धवन के साथ 68 रनों की शानदार अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को 108 के स्कोर तक पहुंचाया। यहां एक बार फिर रुबेल की गेंद पर मेहदी को रैना को कैच आउट करने का मौका मिला और इस बार वह इस मौके से चूके नहीं।

बांग्लादेश के गेंदबाज तस्किन अहमद ने इसके बाद शानदार प्रदर्शन कर रहे धवन को लिटन दास के हाथों कैच आउट करा भारतीय टीम का अहम विकेट गिरा दिया। हालांकि, टीम लगभग अपने लक्ष्य तक पहुंच चुकी थी। धवन ने 43 गेंदों का सामना कर पांच चौके और दो छक्के लगाए।

इसके बाद, मनीष पांडे (नाबाद 27) और दिनेश कार्तिक (नाबाद 2) ने 17 रनों की साझेदारी कर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। इसके साथ ही भारत ने छह विकेट से जीत हासिल की।

इस पारी में बांग्लादेश के लिए हुसैन ने सबसे अधिक दो विकेट लिए, वहीं मुस्ताफिजुर और तस्किन को एक-एक सफलता मिली।

इससे पहले, बांग्लादेश ने अपनी पारी की शुरूआत बेहद खराब की। उसके लिए सबसे अधिक 34 रन बनाए जबकि शब्बीर रहमान ने 30 रनों का योगदान दिया।

भारत के लिए बांग्लादेश की पारी को 139 रनों पर समेटने में जयदेव उनादकट ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सबसे अधिक तीन विकेट लिए जबकि विजय शंकर ने दो सफलता हासिल की। शार्दुल ठाकुर और युजवेंद्र चहल को एक-एक विकेट मिले।

शंकर को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493