नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी गोलीबारी में जवान शहीद (लीड-1)

जम्मू, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में सोमवार को राजौरी में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में एक भारतीय सैनिक शहीद हो गया।

एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि यह पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम समझौते का ताजा उल्लंघन है। यह समझौता नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए साल 2003 में किया गया था।

जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी में सैन्य शिविर पर पाकिस्तानी आतंकियों के हमले के बाद भारत-पाकिस्तान सीमा पर झड़पें तेज हो गईं हैं।

इससे पहले सोमवार को पाकिस्तान रेंजर्स ने जम्मू एवं कश्मीर के आर.एस. पुरा, सुचेतगढ़ और हीरानगर सेक्टरों पर गोलाबारी और फायरिंग की थी।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा, “पाकिस्तानी सैनिकों ने आर.एस.पुरा, सुचेतगढ़ और हीरानगर सेक्टरों में आम नागरिकों और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को निशाना बनाने के लिए मोर्टार दागे और स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल किया।”

बीएसएफ ने पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।

अंतर्राष्ट्रीय सीमा के निकट सीमावर्ती गांवों के लोगों ने घर से दूर रहने के कारण सादे ढंग से दिवाली मनाई। पाकिस्तानी जवान उनके घरों, पशुओं और फसलों को अंधाधुंध निशाना बना रहे हैं।

अधिकारियों ने सीमावर्ती जम्मू, कठुआ और सांबा जिलों के सैकड़ों निवासियों के लिए स्कूलों, ग्रामीण विकास विभाग के भवनों और सामुदायिक सभागारों में रहने की अस्थाई व्यवस्था की है।

ज्म्मू एवं कश्मीर में पाकिस्तान के साथ भारत की 230 किलोमीटर अंतर्राष्ट्रीय सीमा और 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493