नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निरंकुश करार देते हुए कहा कि विदेशों में उनका लगातार यह कहना देश को शर्मशार कर रहा है कि उन्होंने देश की विश्वसनीयता बहाल की।
कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने मोदी के ब्रिटेन दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से कहा, “हम मोदी के दावे को पूरी तरह से नकारते हैं, जिमसें वह कहते हैं कि उनके सत्ता में आने के बाद से ही देश की विश्वसनीयता बहाल हुई है।”
शर्मा का कहना है कि मोदी के दावों से लगता है कि भारत की पहले कोई विश्वसनीयता नहीं थी और मई 2014 में मोदी के सत्ता में आने से पहले तक दुनिया में देश का कोई सम्मान नहीं था।
कांग्रेस नेता ने कहा, “इस बात को अपने हर विदेशी दौरे में कह कर वह देश को शर्मसार कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “भारत का पहले भी सम्मान था, इसकी विश्वसनीयता थी और सरकार की नीतियों की वजह से पहले भी भारत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के लिहाज से सर्वाधिक पसंदीदा स्थल था।”
कांग्रेस नेता ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भारत में डर का माहौल बना हुआ है और इसके जिम्मेदार प्रधानमंत्री हैं।
शर्मा ने कहा, “मोदी एक ऐसी सरकार का संचालन कर रहे हैं, जो मनमाने ढंग से कामकाज कर रही है। प्रधानमंत्री वास्तव में स्वेच्छाचारी तरीके से काम कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “उनकी सरकार ने देश की छवि धूमिल की है। यह ऐसी ताकतों को संरक्षण दे रही है, जो देश की छवि को धूमिल कर रही हैं।”
कांग्रेस ने देश में असहिष्णुता बढ़ाने के लिए मोदी सरकार, भाजपा और संबद्ध समूहों को जिम्मेदार ठहराया है।
dharmpath.com dharmpath