नोएडा, 25 जनवरी (आईएएनएस)। नोएडा स्थित मास मार्केट म्यूचुअल फंड्स प्लेटफॉर्म निवेशडॉटकॉम ने गुरुवार कहा कि उसने अपना परिचालन शुरू करने के नौ महीने से भी कम समय में 1,000 ग्राहक के आंकड़े को पार कर लिया। ग्रामीण भारत में स्टार्टअप में परिवर्तनकारी प्रभाव के लिए इस स्टार्टअप को सुपरस्टार अक्षय कुमार से प्रतिष्ठित स्टार्टअप सुपरहीरो 2018 का पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
निवेशडॉटकॉम के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग गर्ग ने कहा, “मेट्रो शहरों से इतर म्युचुअल फंड जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों की भारी मांग है, और वर्तमान में म्युचुअल फंड्स के प्रबंधन के अंतर्गत आने वाली कुल परिसंपत्तियों में 80 प्रतिशत योगदान इन्हीं इलाकों का है।”
निवेशडॉटकॉम ने टियर 2 और टियर 3 शहरों में आम लोगों के बीच म्यूचुअल फंड्स के बारे में बताने और उसमें निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 2017 के मई में परिचालन शुरू किया था। नौ महीने के अंदर ही इसने करीब 1,300 ग्राहकों के लिए 10,000 लेनदेन की सुविधा मुहैया कराई। दिलचस्प है कि भारत के 160 शहरों से अधिक में इसके 90 फीसदी ग्राहक ऐसे थे जिन्होंने पहली बार म्युचुअल फंड में निवेश किया था।
गर्ग ने कहा, “छोटे शहरों के हमारे ग्राहक अपने निवेश को हमारे मोबाइल एप के माध्यम से ट्रैक करने में सक्षम होते हैं, जिससे उन्हें अपने निवेश की स्थिति का पता लगाने के लिए बीमा कंपनियों, चिट-फंड्स के कार्यालय और डाक घरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होती है। अपने निवेश मूल्य को देखना और उसकी कहीं से भी खरीद/बिक्री में सक्षम बनाने की सुविधा वाकई क्रांतिकारी कदम है। हमारा मोबाइल एप हिंदी में भी उपलब्ध है।”
सरकार द्वारा लेनदेन के लिए बैंकिंग माध्यमों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिए जाने पर जोर देने से 2017 में म्युचुअल फंड्स उद्योग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। 31 दिसंबर, 2017 को भारतीय म्युचुअल फंड उद्योग 21.38 लाख करोड़ रुपये की परिसंपत्ति का प्रबंधन (एयूएम) कर रहा था।
dharmpath.com dharmpath