धौनी का साथ फिर चाहते हैं दीपक चाहर

कोलकाता, 25 जनवरी (आईएएनएस)। राजस्थान के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने गुरुवार को कहा कि वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन में एक बार फिर पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी का साथ चाहते हैं।

धौनी और दीपक आईपीएल के पिछले सीजन में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट की टीम के लिए खेले थे और एक ही कमरे में रहे थे।

सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट में चार मैचों में 12 विकेट लेने वाले दीपक की आईपीएल नीलामी में आधार कीमत 20 लाख रुपये रखी गई है।

उन्होंने कहा, “धौनी के साथ सीखने के लिहाज से अच्छा अनुभव था। मैंने सिर्फ उनके साथ ड्रेसिंग रूम ही नहीं, रूम भी साझा किया था। उनका कमरा 24 घंटे खुला रहता था और कोई भी उनके कमरे में कभी भी आ सकता था।”

दीपक ने कहा, “वह अपने जूनियर खिलाड़ियों का काफी ख्याल रखते थे। वह डिनर टेबल पर उनके साथ आकर बैठने से झिझकते नहीं थे। इससे जूनियर खिलाड़ियों को मदद मिलती थी। मैं एक बार फिर उनके साथ खेलना चाहूंगा।”

दीपका का मानना है कि सभी फ्रेंचाइजी सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट पर नजरें रख रहीं होंगी और इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन काम आएगा। दीपक का प्रदर्शन इसमें काफी अच्छा रहा है।

उन्होंने कहा, “इससे मदद मिलेगी। आईपीएल टीमों का प्रबंधन मुश्ताक अली ट्रॉफी पर ध्यान देगा क्योंकि इसका प्रारूप एक ही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493