दावोस/नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। वल्र्ड इकोनोमिक फोरम में गवर्नर्स की बैठक के दौरान वोडाफोन ग्रुप पीएलसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विटोरियो कोलाओ ने पिछले चार सालों के दौरान देश में कारोबार को सुगम बनाने के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की सराहना की।
कोलाओ ने गुरुवार को कहा, “डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया परिवर्तनकारी पहलें हैं। मोदी सरकार एवं भारत का नया प्रगतिशील नीतिगत ढांचा इनके कामयाब निष्पादन को सुनिश्चित कर रहे हैं। भारत का आर्थिक उदारीकरण देश में अंतर्राष्ट्रीय निवेश को आकर्षित करेगा, जिससे देश में नौकरियों के अवसर पैदा होंगे।”
दूरसंचार सेक्टर की बात करते हुए कोलाओ ने कहा, “भारत में स्पेक्ट्रम की मात्रा तेजी से बढ़ रही है जो अब ऑपरेटर्स के लिए उपलब्ध है। स्पेक्ट्रम कैप में प्रस्तावित बढ़ोतरी नेटवर्क के विस्तार में मददगार होगी तथा उपभोक्ताओं, सरकार एवं उद्योग जगत के लिए फायदेमंद साबित होगी।”
कोलाओ ने कहा, “सरलता एवं पारदर्शिता सुधार के लिए महत्वपूर्ण हैं और यही कारण है कि कारोबार की सुगमता (ईज ऑफ डुइंग बिजनेस) की दृष्टि से विश्वस्तरीय रैंकिंग में भारत की स्थिति में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है। एक साल में हमने आइडिया सैल्यूलर के साथ अपना विलय पूरा होने की दिशा में तेजी से प्रगति की है जो हमारे इस नए दृष्टिकोण की पुष्टि करती है। भारत ने स्पष्ट ‘एम एण्ड ए’ नियम तय किए हैं और हम इनके निष्पक्ष एवं तीव्र निष्पादन की उम्मीद रखते हैं।”
dharmpath.com dharmpath