नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। लंदन ओलम्पिक-2012 भारत को कांस्य पदक दिलाने वाले गगन नारंग बुधवार से शुरू वाले निशानेबाजी विश्व कप के पहले चरण में भारतीय दल की आगुआई करते नजर आएंगे।
उनके अलावा महिला निशानेबाज हीना सिद्धू पर भी भारतीय प्रशंसकों की नजरें होंगी।
इस साल का अन्तर्राष्ट्रीय निशानेबाजी महासंघ (आईएसएसएफ) के पहले चरण का विश्वकप (राइफेल/पिस्टल/शॉटगन) पहली बार भारत की मेजबानी में राष्ट्रीय राजधानी के डॉ कार्णी सिंह शूटिंग रेंज में 22 फरवरी से 4 मार्च के बीच खेला जाएगा।
विश्व कप के इस चरण में कुल 50 देशों के 452 निशानेबाज हिस्सा लेते नजर आएंगे।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए भारतीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष रनिंदर सिंह ने कहा, “निशानेबाजी में भारत ने एक लंबा सफर तय किया है और यह विश्व कप भारतीय निशानेबाजी में निश्चित तौर पर एक नया मोड़ लेकर आएगा। हमें पूरा विश्वास है की हमारे निशानेबाज तिरंगे को ऊंचा लहराते रहेंगे। भारत सरकार, खेल मंत्रालय तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सक्रिय सहयोग के बिना यह मुमकिन नहीं हो सकता था और हम तहे दिल से उनके शुक्रगुजार रहेंगे।”
इस मौके पर नारंग के साथ-साथ जीतू राय, हीना सिद्धू भी मौजूद थे जो प्रतियोगिता में भारत की चुनौती का दारोमदार संभालेंगे।
dharmpath.com dharmpath